अमेठी सिटी। जगदीशपुर के हारीमऊ गांव में हुए सुपरवाइजर मनोज सिंह उर्फ मुख्खन की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलीप कुमार को गुजरात के खेड़ा जनपद स्थित सेवालिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी भी पुलिस ने बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गूंगेमऊ गांव निवासी मनोज सिंह का शव रविवार सुबह हारीमऊ गांव में निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल के पास मिला था। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने 16 दिसंबर को इस मामले में शामिल शिवलाल और धर्मराज उर्फ डट्टू को गिरफ्तार किया था। तीसरा आरोपी दिलीप कुमार वारदात के बाद भाग निकला था। इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव के अनुसार पूछताछ में दिलीप ने बताया कि घटना वाले दिन शाम करीब आठ बजे वह अपने पिता शिवलाल और धर्मराज के साथ अंत्येष्टि स्थल पर आग जलाकर बैठे थे। उसी समय मनोज उर्फ मुख्खन वहां पहुंचा। कहासुनी के दौरान मनोज ने गाली दी और डंडा मारा। गुस्से में आकर दिलीप ने पास पड़ी हथौड़ी से सिर और चेहरे पर वार कर दिया।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को साइकिल के साथ कुछ दूरी पर रखकर हादसे का रूप देने का प्रयास किया और खून पर मिट्टी डाल दी। इसके बाद दिलीप गुजरात चला गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी भी बरामद की गई है। जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र कोर्ट भेजा जाएगा।