जामों। स्थानीय उपकेंद्र क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 34 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो सकी। इसकी वजह से व्यापार प्रभावित होने संग 30 हजार से अधिक लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा।
बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे हसरमपुर गांव के पास हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट आने के चलते जामों उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हो गई। इसके अलावा सूखी गांव के पास हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। शुक्रवार शाम तक कर्मी लाइन की मरम्मत में जुटे रहे, लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इसकी वजह से रेशी, मूंघी, सूखीबाजगढ़, अलीपुर, जामों बाबूपुर, घाटमपुर, हरगांव सहित कई गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अखिलेश कुमार तिवारी, करुणाशंकर मिश्र, रामकृपाल दुबे, रामगुलाम यादव आदि ने बताया कि घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो गए। लोगों के इनवर्टर भी बंद होने से मोबाइल चार्ज नहीं हो सके। ऐसे में लोगों का एक-दूसरे से संपर्क भी टूट गया। इसके अलावा कारखाना सहित अन्य प्रतिष्ठानों में बिजली नहीं होने से व्यापार पर भी असर पड़ा। अवर अभियंता प्रेमचंद्र कुशवाहा ने बताया कि लाइन की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।