फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम में प्रदर्शन करते तबला वादक। स्र
फुरसतगंज। फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) में आयोजित समागम 2.0 के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं के सेमीफाइनल मुकाबले हुए। इनमें विद्यार्थियों ने संगीत, अभिनय और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शानदार प्रदर्शन के दम पर विभिन्न परिसरों की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।
इंस्ट्रुमेंटल म्यूजिक प्रतियोगिता में जोधपुर, नोएडा, चेन्नई और अंकलेश्वर परिसर की टीमें फाइनल में पहुंचीं। स्किट प्रतियोगिता में पटना, कोलकाता, जोधपुर, छिंदवाड़ा, रोहतक और फुरसतगंज परिसर ने फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, डांस बैटल में हैदराबाद, नोएडा, फुरसतगंज और छिंदवाड़ा परिसर के प्रतिभागियों ने फाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल मुकाबलों में प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता से दर्शकों का ध्यान खींचा। वाद्ययंत्रों की धुनों, अभिनय और नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को रोचक बनाया। देशभर के एफडीडीआई परिसरों से आए विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक सुनील द्विवेदी के साथ नलिन पांडेय, विष्णु सिंह और वरुण गुप्ता मौजूद रहे।