जामो। कल्याणपुर के जोरावरपुर मठिया गांव निवासी धीरज के सात वर्षीय पुत्र ऋतिक की बृहस्पतिवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। ऋतिक मंगलवार को स्कूल से घर लौटते समय जामो-हरगांव मार्ग पर बाइक की चपेट में आकर घायल हो गया था। परिजन उसे जगदीशपुर के निजी अस्पताल ले गए थे।
धीरज के मुताबिक ऋतिक शिवपुर गांव स्थित निजी विद्यालय में एलकेजी का छात्र था। मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह पैदल ही घर लौट रहा था। जामों-हरगांव मार्ग पर जोरावरपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजन ऋतिक को जगदीशपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
ऋतिक की मौत से मां राजकुमारी, बाबा रामलाल और आजी कलावती का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।