जिला अस्पताल कीे ओपीडी के बाहर लगी मरीजों की भीड़। -संवाद
अमेठी सिटी। उमस भरी गर्मी के बीच शुक्रवार को जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों के मरीजों की भीड़ रही। दोपहर 12:20 बजे परचा काउंटर, ओपीडी व पैथोलॉजी के बाहर मरीज कतार में खड़े रहे। फिजिशियन के कक्षों के बाहर सबसे अधिक भीड़ नजर आई। कई अभिभावक बीमार बच्चों को गोद में लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
डॉ. शुभम पांडेय और डॉ. अमित यादव के कक्षों के बाहर लंबी लाइन लगी रही। महिला चिकित्सक की ओपीडी के बाहर भी सुबह 11 बजे तक मरीज कतार में खड़े रहे। पैथोलॉजी में जांच कराने के लिए भी मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को बुखार के 520, सर्दी-जुकाम के 176, पेट दर्द के 98, खांसी के 97, डिहाइड्रेशन के 76 और दस्त के 46 मरीजों का उपचार किया गया। अन्य बीमारियों के मरीज भी पहुंचे। कुल 1274 मरीज आने के कारण ओपीडी निर्धारित समय से करीब आधा घंटा अतिरिक्त चली।
गौरीगंज निवासी प्रशांत व जय कुमार ने बताया कि वे सुबह से कमरा नंबर तीन के बाहर खड़े थे, लेकिन दोपहर तक उनका नंबर नहीं आया। मरीजों की अधिक संख्या के कारण उन्हें इंतजार करना पड़ा।
सीएमएस डॉ. ब्रदी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि गर्मी और उमस के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। भीड़ को देखते हुए ओपीडी अतिरिक्त समय तक संचालित की गई और मरीजों की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध किए गए।