गौरीगंज (अमेठी)। बैंक कर्मियों की हड़ताल के चलते सोमवार को जिले की शाखाओं में 15 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ। माह के दूसरे शनिवार व रविवार के अवकाश के तत्काल बाद हुई हड़ताल से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
सभी एटीएम कैश विहीन हो गए। हड़ताल के चलते कैश की जमा-निकासी के अलावा चेक क्लियरेंस न होने से सरकारी विभागों को भी दिक्कत हुई। अनुमान है कि एक दिन की बंदी से जिले में करीब 15 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ।
एटीएम कैश विहीन होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई। उधर बड़ौदा उत्तर प्रदेश पूर्वी ग्रामीण बैंक कर्मियों ने रीजनल कार्यालय में प्रदर्शन किया।
केंद्र सरकार पर हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए बैंकों का निजीकरण आदेश वापस लेने, पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा कर्मियों की लंबित मांगे पूरी करने की मांगी की। इस मौके पर निलेश यादव, धर्मेंद्र सिंह, राजकरन, अशोक मौर्या व अरविंद कुमार समेत बड़ी संख्या में बैंक कर्मी मौजूद रहे।