जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र के पूरे दलेल मजरे इटरौर गांव में मंगलवार दोपहर बच्चों के विवाद को लेकर पड़ोसियों में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और जमकर लाठियां चलीं। इसमें दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पूरे दलेल मजरे इटरौर गांव में दोपहर में मोहम्मद कलीम और मोहम्मद अजीम के परिजनों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें कलीम (50), महजबी बानो (19), नईम (22), सलीमुन्निशा (45), फरहीन (12) और दूसरे पक्ष से मोहम्मद अजीम (64), मोहम्मद अली (20), गुलाम मोइनुद्दीन (35), कमरुद्दीन (35), सबरीन (27) घायल हो गए।
सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया गया, जहां पर मौजूद चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार और परीक्षण कर महजबी की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीशपुर धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट हुई है। दोनों पक्षों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर केस दर्ज किया गया है।