बाजार शुकुल (अमेठी)। मामूली विवाद में शनिवार को अमेठियन पुरवा गांव में दो पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विवाद के सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के चार-चार घायलों का मेडिकल करवाने के बाद केस दर्ज किया।
बाजार शुकुल थाना क्षेत्र मरदानपुर ग्राम पंचायत के अमेठियन पुरवा गांव शनिवार को किसी बात पर शिव कुमार सिंह और केशव राम पक्ष में विवाद हो गया। कुछ देर बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई। जिसके बाद दोनों पक्षों में लाठियां चलीं। किसी ग्रामीण ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि अमर उजाला ऐसे किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
इधर, विवाद की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया। इस दौरान मारपीट में एक पक्ष से गीता सिंह, शिवकुमार सिंह, अजय, देवा व चांदनी घायल हुईं, वहीं दूसरे पक्ष के केशव राम, भारत, राम सिंह, चंदा चोटिहल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रास केस दर्ज कर लिया है। एसओ तनुज कुमार पाल ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।