बाजारशुकुल ब्लॉक परिसर में एडीओ पंचायत को ज्ञापन देते भाकियू पदाधिकारी। स्रोत: संगठन
बाजारशुकुल। बिजली, सिंचाई, चकबंदी, अतिक्रमण और जलभराव समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने बृहस्पतिवार को विकासखंड परिसर में बैठक की। इसमें किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत और मांगपत्र देने के बावजूद संबंधित विभाग समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं।
बैठक के बाद जिलाधिकारी को संबोधित नौ सूत्री मांगपत्र एडीओ पंचायत अशोक कुमार और विद्युत विभाग के एसडीओ राजेश चौहान को सौंपा गया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन में भटपुरवा गांव के चकमार्ग से अतिक्रमण हटाने, जर्जर बिजली व्यवस्था में सुधार, झुके विद्युत पोल ठीक कराने, प्रतिदिन 33 केवी लाइन में आने वाले फाॅल्ट से राहत दिलाने, स्मार्ट मीटरों की गड़बड़ियां दूर करने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की गई।
इसके अलावा कटरा चौराहे की नालियों की सफाई, थाना परिसर के पास फैले कूड़े का निस्तारण, अवैध बस पार्किंग पर रोक, शारदा सहायक नहर की टेल तक पानी पहुंचाने तथा वर्षों से लंबित चकबंदी मामलों के निस्तारण की मांग भी उठाई गई। बैठक में जिला संरक्षक देवी दयाल शर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए। इस दौरान शेषनाथ तिवारी, शुभम गुप्ता, सुशीला, राम सहायक, सुनील, राम यश मौर्य, राजू साहू आदि मौजूद रहे।