अमेठी। निकाय चुनाव में प्रतिबंधित वस्तुओं पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग के दौरान स्टेटिक टीम ने देवीपाटन मंदिर के समीप एक कार से पांच लाख रुपये बरामद किए। पूछताछ के दौरान उनके द्वारा अभिलेख सही पाए जाने पर टीम ने छोड़ दिया।
सोमवार को टीम अमेठी-गौरीगंज मार्ग स्थित देवीपाटन मंदिर के समीप चेकिंग कर रही थी। टीम यहां से आने जाने वाले सभी वाहनों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें छोड़ा जा रहा था। इसी दौरान अमेठी की ओर से आ रही एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। कार के डैस बोर्ड से पांच लाख रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में कार सवार युवकों ने बताया कि वे लकड़ी का कारोबार करते हैं। अमेठी के व्यवसायी द्वारा अमेठी स्टेट बैंक से निकाल कर उन्हें पांच लाख रुपये दिए गए हैं।
टीम में शामिल मजिस्ट्रेट अवधेश श्रीवास्तव ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को देते हुए अभिलेखों की जांच शुरू की। सूचना पर पहुंचे व्यवसायी अरविंद सिंह ने बताया कि वे लोग उनके जायस के लकड़ी व्यवसायी हैं। मंडी की ओर से मिली छूट व नियम के चलते फुटकर व्यवसाइयों को नगद भुगतान के लिए पैसा ले जा रहे हैं। उन्होंने बैंक से निकाले गए पैसों की रिसिप्ट व जीएसटी आदि मजिस्ट्रेट को दिखाई। बरामद नगदी की पुष्टि होने के बाद मजिस्ट्रेट ने उसे व्यवसायी को सौंप दिया।