अमेठी सिटी। मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल परिसर में कैंसर रेडिएशन यूनिट स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है। बुधवार सुबह अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवधेश शर्मा और रेडिएशन व क्लीनिकल ऑंकोलॉजिस्ट डॉ. विनीत नाकरा ने भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया।
रेडिएशन व क्लीनिकल ऑंकोलॉजिस्ट डॉ. विनीत नाकरा ने बताया कि कैंसर रेडिएशन यूनिट बेहद जटिल चिकित्सा मानी जाती है। अब तक यह सुविधा अधिकतर बड़े शहरों में ही उपलब्ध है, जिसके कारण मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज सफर करना पड़ता है। इस यूनिट की स्थापना से प्रदेश के कैंसर पीड़ितों को सस्ता व स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। सीओओ ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने मशीन की स्थापना के लिए मानकों के अनुरूप टीम गठन कर इन्फ्रास्ट्रक्चर की तैयारी शुरू कर दी गई है। यह सुविधा फरवरी 2026 तक मरीजों के लिए उपलब्ध हो जाएगी। इस समय अस्पताल के कैंसर विभाग में ओपीडी, सर्जरी और कीमोथेरेपी की सेवाएं चल रही हैं। इस दौरान डॉ. निखिल, डॉ. हर्षित, डॉ. लक्की कुमावत, डॉ. राहुल ठाकुर आदि मौजूद रहे।