अमेठी सिटी। भेटुआ सीएचसी पर प्रसव कराए आई एक महिला के पति से कर्मचारियों ने प्रसव कराने के नाम पर रिश्वत लेने का मामला प्रकाश में आया है। इन आरोपों को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आने पर सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक से जवाब तलब किया है। सीएचसी अधीक्षक ने आरोपी कर्मचारियों को नोटिस जारी की है।
भेटुआ ब्लॉक के गांव सड़िला निवासी उदित नारायण की पत्नी का प्रसव 14 अगस्त को सीएचसी पर हुआ था। उदित नारायण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल में आरोप लगाया है कि प्रसव कराने के नाम पर सीएचसी पर तैनात स्टाफ नर्स ने एक हजार, आशा पांच सौ रुपए, दाई ने दो सौ रुपए लिया है।
आरोप है कि चिकित्सक के बजाय स्टाफ नर्स ने दवा लिख दी और दवा बाहर से मेडिकल स्टोर से खरीदने को कहा। प्रसव के बाद अस्पताल में 24 घंटे रहने के बावजूद भोजन आदि की कोई व्यवस्था नहीं मिली। वीडियो का संज्ञान में लेते हुए सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने सीएचसी अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि प्रसव के समय मौजूद स्टाफ नर्स अन्य स्टाफ को नोटिस जारी किया गया है।