अमेठी। स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत ताला में करीब 22 लाख की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस मिनी स्टेडियम निर्मित होगा। स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की घोषणा के छह माह बाद स्टेडियम बाउंड्रीवॉल निर्माण का शिलान्यास बृहस्पतिवार को किया गया। मिनी स्टेडियम निर्माण होने के बाद ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेगी। शिलान्यास होने के बाद खिलाड़ियों के साथ ही ग्रामीणों ने खुशी का इजहार किया है।
स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 17 नवंबर 2021 को स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत ताला में आयोजित खेल स्पर्धा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची थीं। केंद्रीय मंत्री से ग्राम प्रधान मनोज शुक्ल ने उक्त परिसर में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की मांग की थी। केंद्रीय मंत्री ने प्रधान की मांग पर कार्यक्रम के दौरान मंच से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराए जाने की घोषणा की थी।
स्टेडियम का निर्माण श्रीमुकुट नाथ इंटर कॉलेज के पीछे निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय के सामने करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर होगा। केंद्रीय मंत्री की घोषणा के करीब छह माह बाद बाउंड्रीवॉल निर्माण का शिलान्यास रिटायर्ड शिक्षक शिव कुमार शुक्ल, ग्राम प्रधान मनोज शुक्ल, अरविंद शुक्ल आदि ग्रामीणों की मौजूदगी में किया गया। ग्रामीण स्तर पर बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पाने के कारण प्रतिभाओं को आगे जाने का मौका नहीं मिल पाता था। स्टेडियम निर्माण की कवायद शुरू होने के बाद जहां खिलाड़ियों में उत्साह दिखाई दे रहा है वहीं ग्रामीण भी खुश हैं। ग्रामीणों ने सांसद के प्रति आभार जताते हुए स्टेडियम को सभी सुविधाओं से लैश कराए जाने की बात कही है।
मिलेंगी यह सुविधाएं
स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत ताला में डेढ़ एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में मिनी स्टेडियम का निर्माण होगा। मिनी स्टेडियम में चारों और बाउंड्रीवॉल के साथ दर्शक दीर्घा, दर्शक दीर्घा के नीचे कार्यालय, स्टोर रूम, रनिंग ट्रैक, ओपन जिम सेंटर, वालीबॉल, टेनिस, क्रिकेट, हैंडबॉल व फुटबॉल आदि खेलों की अलग-अलग पिच होगी। इसके साथ ही चेंज रूम, शौचालय लाइट समेत अन्य व्यवस्थाएं होगी। जेई आरईडी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अभी सिर्फ बाउंड्रीवॉल का कार्य शुरू कराया गया है।
स्टेडियम निर्माण बड़ी उपलब्धि
ग्राम प्रधान मनोज कुमार शुक्ल ने बताया कि सांसद के प्रयास से गांव में 22 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण होने जा रहा है। कहा कि ग्राम निधि से बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य कराने के लिए शिलान्यास किया गया है। रिटायर्ड प्रिंसिपल सतेंद्र शुक्ल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मिनी स्टेडियम का निर्माण बड़ी उपलब्धि है। एड. गिरजाशंकर शुक्ल ने कहा कि सांसद की ओर से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाना विकास की कड़ी में एक बेहतर कदम है। खिलाड़ियों को मिनी स्टेडियम के माध्यम से आगे जाने का मौका मिलेगा। गांव निवासी धर्मानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खिलाड़ियों के लिए कोई सुविधाएं नहीं मिल पातीं। विगत कई दशक की मांग के बाद मिनी स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।
खिलाड़ियों में भी खुशी
गांव निवासी संध्या ने कहा कि स्टेडियम निर्माण के बाद ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे जाने का मार्ग प्रशस्त होगा। अनामिका ने कहा कि मिनी स्टेडियम का निर्माण होने के बाद बेटियों को प्रैक्टिस करने का मौका मिलेगा और वह आगे बढ़ेंगी। अनुप्रिया ने कहा कि बेटियां भी सभी खेल में हिस्सा लेना चाहती हैं लेकिन संसाधन और प्रैक्टिस के अभाव में वह तैयारी नहीं कर पाती। शिल्पी ने कहा कि पुलिस एवं फोर्स में दौड़ आदि की तैयारी के लिए कोई ट्रैक व अन्य संसाधन नहीं थे। लेकिन स्टेडियम बनने के बाद क्षेत्र की बेटियां भी तैयारी कर सकेंगी। अंशिका शुक्ला ने कहा कि आज भी असुरक्षा के भय के कारण सुबह-शाम बाहर जाकर प्रैक्टिस करने में दहशत बनी रहती है। लेकिन स्टेडियम का निर्माण होने के बाद बेटियां सुरक्षित अपनी तैयारी कर सकेंगी। अभिभावक व परिजन भी उन्हें खुशी-खुशी तैयारी के लिए जाने देंगे। सभी बेटियों ने सांसद को धन्यवाद ज्ञापित किया है।