अमेठी। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में जिला स्तरीय जूनियर बालक वर्ग फुटबॉल और रिले रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। फुटबॉल के फाइनल में स्टेडियम ट्रेनीज ने मॉडर्न पब्लिक स्कूल को 4-2 से हराकर खिताब जीत लिया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में रणवीर इंटर कॉलेज ने ग्लोबल पब्लिक स्कूल को 2-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में राजगौरव पब्लिक स्कूल ने श्री शिवप्रताप इंटर कॉलेज को 5-0 से शिकस्त दी। पहले सेमीफाइनल में स्टेडियम ट्रेनीज ने रणवीर इंटर कॉलेज को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में मॉडर्न पब्लिक स्कूल ने राजगौरव पब्लिक स्कूल को 4-2 से हराया।
फाइनल में स्टेडियम ट्रेनीज ने चार गोल किए, जबकि मॉडर्न पब्लिक स्कूल की टीम दो गोल ही कर सकी। बालक 4 गुणे 100 मीटर रिले रेस में सोनू, शिवम, आदित्य और शिवराज की टीम प्रथम स्थान पर रही। हर्ष, प्रदुम, मुकेश और सुयश की टीम द्वितीय तथा मयंक, धनराज, अनुभव और हिमांशू की टीम तृतीय स्थान पर रही।
बालिका वर्ग में सुमन, रेनू, दिव्या और जानवी की टीम प्रथम, आराध्या, अंशिका, अंकिशा और करिश्मा की टीम द्वितीय तथा अन्नू, शिया, स्नेहा और सीमा की टीम तृतीय स्थान पर रही। इस मौके पर कनिष्ठ सहायक शिवकुमार मौर्य, प्रशिक्षक सचिन भारद्वाज, मो. नदीम, जयप्रकाश यादव, अंकित शर्मा, लबली तिवारी, रुचि सिंह और आरती सिंह मौजूद रहे।