अमेठी सिटी। जिला खेल विकास व प्रोत्साहन समिति का गठन बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों व खिलाड़ियों सहित कुल 18 सदस्यों की समिति का गठन किया गया। तय किया गया है कि जिले के खिलाड़ियों की मदद के लिए खेल प्रोत्साहन समिति कार्य करेगी।
खेल विकास व प्रोत्साहन के लिए समिति गठित करने के लिए विकास भवन में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने कहा कि समिति का कोष बढ़ाने के लिए अतिरिक्त उपाय करने की जरूरत है। कई विभागों से मदद ली जा सकती है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन पर व्यय होने वाली धनराशि के व्यय पर परिचर्चा की गई।
जिले के उदीयमान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन समिति के माध्यम से खेल किट प्रदान करने पर सहमति बनी। इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी काशीनाथ, जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार, उपक्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद, उपक्रीड़ा अधिकारी मो. मुशर्रफ, जिला व्यायाम प्रशिक्षक संदीप सिंह, अंतरराष्ट्रीय शूटर रुचि सिंह आदि मौजूद रहे।