अमेठी। कोविड-19 की वजह से हुए लॉकडाउन के दौरान बंद टीकाकरण कार्यक्रम एक नवंबर से 31 जनवरी तक चलेगा। अभियान के दौरान हर हफ्ते तीन दिन बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। पहले टीकाकरण कार्यक्रम सिर्फ दो दिन ही चलता था।
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव की ओर से पिछले दिनों एक निर्देश जारी कर लॉकडाउन में बंद पड़े टीकाकरण कार्यक्रम को दोबारा शुरू करने का निर्देश दिया गया था। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग छूटे हुए बच्चों व गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए एक नवंबर से 31 जनवरी तक विशेष अभियान चलाएगा।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि इस बार चलने वाला अभियान हफ्ते में तीन दिन (बुधवार व शनिवार के अलावा सोमवार) संचालित होगा। पहले टीकाकरण कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह बुधवार व शनिवार को ही संचालित होता था।
सीएमओ ने कहा कि अभियान के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता छूटे हुए बच्चों व गर्भवती के टीकाकरण की ड्यू लिस्ट तैयार कर रहे हैं। साथ ही लॉकडाउन में अन्य जिलों से आए प्रवासी मजदूरों और नए परिवार के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को भी इस अभियान में विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।
इस कार्य में सहयोगी संस्था (डबल्यूएचओ, यूनिसेफ और यूएनडीपी आदि) से सहयोग लिया जाएगा। अभियान के लिए सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है ।उन्होंने बताया कि बच्चों को समय पर टीका लगना बेहद जरूरी है।
यदि टीके देर से लगाते हैं तो जानलेवा बीमारियों का खतरा बना रहता है। जन्म के समय लगने वाले बीसीजी, पोलियो और हेपेटाइटिस-बी के टीके प्रसव के तुरंत बाद अस्पताल में ही लगाए जाते हैं।