गौरीगंज (अमेठी)। मुंबई आने-जाने वालों की मुसीबत कम करने के लिए रेलवे ने साप्ताहिक ट्रेन संचालित करने का फैसला किया है। यह ट्रेन मुंबई से वाराणसी के बीच संचालित होगी। ट्रेन का संचालन गुजरात व राजस्थान से होकर होगा। फिलहाल ट्रेन का संचालन दो माह तक ही होगा।
रेलवे ने रेल यात्रियों को सुविधा देने के लिए मुंबई सेंट्रल-बनारस साप्ताहिक एक्सप्रेस के नाम से एक ट्रेन संचालित करने का आदेश दिया है। मुंबई से यह ट्रेन 12 अक्तूबर से 30 नवंबर के बीच प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। ट्रेन रात 10:50 पर मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी और शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
इसी तरह वाराणसी से मुंबई की ओर ट्रेन का संचालन 14 अक्तूबर से दो दिसंबर तक प्रत्येक शुक्रवार होगा। शुक्रवार को वाराणसी से यह ट्रेन दोपहर 2:30 बजे निकलेगी और रविवार को 4:35 बजे मुंबई पहुंचेगी।
इस ट्रेन का संचालन होने से ऐसे यात्रियों को जल्दी में कन्फर्म टिकट पर मुंबई आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी जो आरक्षित टिकट न मिलने से दीपावली समेत अन्य पर्व पर यात्रा नहीं कर पा रहे थे। रेलवे के मुख्य कॉमर्शियल इंस्पेक्टर दीनदयाल शुक्ल ने ये जानकारी दी।
ट्रेन में होंगे कुल 16 कोच
इस विशेष ट्रेन में एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, तीन वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, नौ वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा एक पंट्री कार व दो पावर कार समेत 16 कोच होंगे।
इन रेलवे स्टेशनों पर होगा ठहराव
मुंबई सेंट्रल व वाराणसी के बीच संचालित होने वाली इस ट्रेन का ठहराव बोरीवली, वापी, सूरत, बड़ोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, अछनेरा जंक्शन, आगरा फोर्ट, टूंडला, शिकोहाबाद, मैनपुरी, भोगांव, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, जंघई व भदोही में होगा।