अमेठी सिटी। स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में लापरवाही के आरोप में जिले के 19 ग्राम पंचायतों के सचिवों को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है। पंचायत सचिवों पर आरोप है कि कई बार नोटिस देने के बाद भी ठोस-तरल कूड़ा प्रबंधन के कार्यों में लापरवाही बरती है। सभी पंचायत सचिवों का फरवरी माह का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिला पंचायती राज अधिकारी कार्यालय से ग्राम विकास अधिकारी या पंचायत सचिवों को नोटिस जारी की गई है। विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने की जानकारी दी गई है। डीपीआरओ श्रीकांत यादव की ओर से भेजे गए पत्र में लिखा है कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के निदेशक की ओर से वित्तीय वर्ष 2022-23 का ठोस-तरल कूड़ा प्रबंधन का कार्य पूरा कराया जाना था। ऐसे गांवों को मॉडल ग्राम घोषित करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2024 निर्धारित की गई थी। अतिरिक्त समय मांगने पर अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जनवरी 2024 कर दी गई थी। छह फरवरी को वित्तीय वर्ष 2022-23 के ग्रामों की फिर से समीक्षा करने पर पता चला कि जिले के औसत प्रतिशत से कम काम हुआ है।
डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने लिखा है कि पंचायत सचिवों की ओर से उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों की अवहेलना करते हुए योजना के कार्यों में कोई रुचि नहीं ली जा रही है। पदीय दायित्वों व कर्तव्यों का निर्वहन न करने के संबंध में विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की जा रही है।
इन ग्राम पंचायतों में दी गई प्रतिकूल प्रविष्टि
ब्लॉक का नाम ग्राम पंचायत नाम
अमेठी उम्मापुर गन्नापट्टी
अमेठी बेनीपुर
अमेठी देहरा
बहादुरपुर जमालपुर रामपुर
बहादुरपुर सैंबैसी
गौरीगंज सुजानपुर
जगदीशपुर पूरे शोहरत सिंह
जगदीशपुर कस्थूनीपूरब
जगदीशपुर सिधियावां
जामो कटारी
जामो ऐंधी
जामो सूखीबाजगढ़
जामो जामो
मुसाफिरखाना रसूलाबाद
मुसाफिरखाना नारा अधानपुर
शुकुल बाजार किसुनी
सिंहपुर गोयन
तिलोई अहूरी
तिलोई संग्रामपुर