गौरीगंज (अमेठी)। पुलिस कार्यालय परिसर में संचालित विभिन्न इकाईयों का एसपी ने बृहस्पतिवार देर शाम औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिली खामियों को दुरुस्त करने के लिए संबंधित प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
जिले की पुलिसिंग को सुधारने के लिए एसपी दिनेश सिंह इन दिनों थानों व कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर हकीकत से रू-ब-रू हो रहे हैं। बृहस्पतिवार देर शाम अचानक पुलिस कार्यालय पहुंचे एसपी ने परिसर में संचालित सीसीटीएनएस, लोक शिकायत प्रकोष्ठ, डीसीआरबी कार्यालय, विशेष जांच प्रकोष्ठ, सम्मन सेल, रिट सेल तथा जन सूचना सेल का निरीक्षण किया।
एसपी ने सभी इकाईयों पर कार्यरत अफसरों व कर्मचारियों से बिंदुवार जानकारी ली। इस दौरान एसपी ने अभिलेखों का रखरखाव सही नहीं होने तथा कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी खामियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। एसपी के औचक निरीक्षण करने से सभी पटल सहायकों में हड़कंप मचा रहा।