अमेठी। किसानों की समस्याओं को लेकर सपाइयों ने मंगलवार को नए अंदाज में प्रदर्शन किया। सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भादर के बैधिकपुर स्थित सूखी पड़ी नहर में बाल्टियों से पानी डाल कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता बिजली कटौती से भी नाराज हैं। इसके बाद तहसील प्रशासन को ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव ने कहा कि बारिश नहीं हो रही है। अधिकांश नहरें सूखी पड़ी हैं। जिन लोगों ने अपने निजी संसाधनों से धान लगा दिया है, उन्हें अब सिंचाई के लिए पानी की किल्लत है। जिम्मेदार अनजान हैं। न नहरों में पानी आ रहा है और न ही किसानों को पर्याप्त बिजली मिल रही है। इसी मुद्दे पर सपाइयों ने सूखी नहर में बाल्टी से पानी डालकर प्रदर्शन किया। कहा कि बार-बार ज्ञापन और प्रदर्शन के बावजूद सरकार व जिम्मेदार अफसर उदासीन बने हैं।
उन्होंने कहा कि यदि नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया और बिजली आपूर्ति दुरुस्त नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में बृजेश, बाबूराम, लल्लूपाल, नागेंद्र सिंह, मंगरू गुप्ता, मानिक कोरी, सरफराज, सीपी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेसियों ने भी सौंपा ज्ञापन
अमेठी। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आशीष कुमार सिंह को दिया। ज्ञापन में अघोषित विद्युत कटौती बंद किए जाने और नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग की गई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो किसानों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर लोहा सिंह, रेहान खान, दीपक सिंह, अजय गांधी, जय प्रकाश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।