गौरीगंज (अमेठी)। शासन व प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद जिले में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है। बैंक शाखाओं तथा सब्जी मंडियों में हर रोज सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ते देखा जा सकता है। पुलिस अपने घरों के बाहर बैठे लोगों को तो गिरफ्तार कर ले रही है लेकिन इन स्थानों पर जाकर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जहमत नहीं उठा रही।
शासन हो या जिला प्रशासन हर कोई कोरोना जैसी महामारी का इलाज सिर्फ बचाव बताते हुए सोशल डिस्टिेंसिंग का पालन करने की बात कह रहे हैं। हर रोज अपील भी की जा रही है। बावजूद इसके जिले में प्रति दिन सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बैंक शाखाएं हो या फिर सब्जी मंडी तथा कोटेदारों की दुकानें सब एक समान हैं। बैंकों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
यहां कोई भी सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल नहीं रख रहा है। यही हाल सुबह लगने वाली सब्जी की थोक मंडियों का है। वहां भी भोर से ही थोक विक्रेता के अलावा फुटकर खरीददारों की भारी भीड़ रहती है। मंडियों में तो पर्याप्त जगह होने के बावजूद आढ़ती एक दूसरे के नजदीक ही दुकान लगा रहे हैं। ऐसे में ग्राहक की भीड़ आने के बाद लोग एक दूसरे से सटकर खड़े रहते हैं।
इन दिनों कोटेदारों के यहां राशन लेने वालों की भी भीड़ लग रही है यहां भी लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। पुलिस है कि घरों से लोगों को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर रही है लेकिन इन स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की जहमत नहीं उठा रही।