अमेठी सिटी। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह से जुड़े आदर्श आचार संहिता उल्लंघन प्रकरण में शनिवार को भी कमरौली थाना प्रभारी मुकेश पटेल की ओर से आपत्ति प्रस्तुत नहीं हो सकी। एमपी-एमएलए कोर्ट सुल्तानपुर में स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने दरोगा को आपत्ति दाखिल करने के लिए 20 दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।
सुल्तानपुर के नगर कोतवाली के तत्कालीन उपनिरीक्षक व वर्तमान में कमरौली थाने के प्रभारी मुकेश पटेल ने घटना सात मई 2023 की बताते हुए सांसद संजय सिंह तथा आम आदमी पार्टी से तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे डॉ. संदीप कुमार शुक्ल के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप अंकित करते हुए स्थानीय कोतवाली में प्रकरण दर्ज कराया था।
इस मामले में पुलिस फाइनल रिपोर्ट प्रस्तुत कर चुकी है। रिपोर्ट पर अपना पक्ष रखने के लिए दरोगा मुकेश पटेल पिछली तिथि पर अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित हुए थे। अदालत ने उन्हें आपत्ति दाखिल करने का अवसर उपलब्ध कराया था, मगर वह अपनी आपत्ति अब तक प्रस्तुत नहीं कर पाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि अगली निर्धारित तिथि पर आपत्ति दाखिल करना आवश्यक होगा।