अमेठी सिटी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद गड़बड़ियों के मामले सामने आने लगे हैं। गौरीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत मेदन मवई में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन इरानी का नाम सूची में शामिल नहीं है, जबकि कई मृतकों के नाम अब भी दर्ज बताए जा रहे हैं। शाहगढ़ क्षेत्र की पनियार ग्राम पंचायत में 870 से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने का मामला सामने आया है।
मेदन मवई ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि तीरथराज मिश्र ने बताया कि स्मृति इरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सभी आवश्यक अभिलेख समय से बीएलओ को उपलब्ध कराए गए थे। इसके बावजूद उनका नाम सूची में नहीं जोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रभान सिंह, देवीबख्श, शिवमोहन, शिव बहादुर, मालती देवी, रामदुलारे, सुमन, राधा, रामकृपाल, रामपति और संतोष समेत कई मृतकों के नाम सूची में शामिल हैं, जबकि उनके नाम हटाने संबंधी दस्तावेज पहले ही जमा किए जा चुके थे।
एसडीएम प्रीति तिवारी ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारी को जांच कर आवश्यक संशोधन के निर्देश दिए गए हैं। दावा-आपत्ति के आधार पर पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे और अपात्र व मृतक मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।
पनियार में 870 से अधिक मतदाताओं के नाम गायब
शाहगढ़ की पनियार ग्राम पंचायत में भी मतदाता सूची को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछली सूची में 3,419 मतदाता थे, जबकि नई सूची में संख्या घटकर 2,546 रह गई है। करीब 870 मतदाताओं के नाम गायब हो गए हैं। कई परिवार ऐसे हैं, जिनके सभी सदस्यों के नाम सूची से हट गए हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जांच की मांग की है।
स्मृति इरानी का नाम जोड़ने के लिए दिए थे अभिलेख
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी का नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है। पंचायत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवश्यक अभिलेख बीएलओ को दिए गए थे। इस संबंध में एसडीएम से वार्ता की गई है। उन्होंने आवश्यक सुधार का आश्वासन दिया है।