अमेठी सिटी। सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए वीडियो वायरल करने के मामले में दो युवकों पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह उनके समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताते हुए प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है।
दीपक सिंह ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रथमदृष्टया यह कार्रवाई अनुचित प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी पुलिस अधीक्षक से बातचीत भी हुई है। पूर्व एमएलसी ने कहा कि यदि भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय शिकायतकर्ताओं को डराने या दबाने का प्रयास किया गया तो वह स्वयं सड़क पर उतरेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन उनके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर ले। दीपक सिंह ने अधिकारियों को सात दिन का समय देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के बजाय आवाज दबाने का प्रयास हुआ तो वह सड़क सत्याग्रह करेंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष कर रहे युवाओं के साथ खड़े रहेंगे।