चुनाव में हार के बाद स्मृति ईरानी पहली बार अमेठी पहुंचीं। यहां कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। गंगा में डूबने से परिवार के तीन लोगों की मौत की जानकारी पर उन्होंने पालपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया। हर संभव मदद का भरोसा दिया। उधर पूर्व केंद्रीय मंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस ने यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष को हाउस अरेस्ट पर रखा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचीं। लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद यह उनका पहला दौरा था। लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना होकर लखनऊ-वाराणसी हाईवे होते हुए जैसे ही वह जिले की सीमा में दाखिल हुईं, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा।
विज्ञापन
इनहौना कस्बा से लेकर उतेलवा मोड़, जगदीशपुर चौराहा और अन्य स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और बुके के साथ उनका स्वागत किया। समर्थक घंटों सड़क किनारे खड़े रहकर उनके आगमन की प्रतीक्षा करते रहे। जैसे ही काफिला उनके समीप पहुंचा, फूलों की वर्षा के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। स्मृति ईरानी कई स्थानों पर वाहन से उतरकर लोगों से मिलीं। उनका हालचाल लिया।
कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह किया स्वागत
- फोटो : संवाद
कक्षा पांच के छात्र ने स्मृति ईरानी को उनका छायाचित्र भेंट किया
उतेलवा मोड़ पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राघवेंद्र तिवारी अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। जबकि, जगदीशपुर चौराहे पर राजेश्वर प्रताप सिंह ननके, सोनू यज्ञसेनी, डॉ. प्रज्ञा बाजपेई, सुनील सेठ समेत बड़ी संख्या में लोगों ने जोश के साथ स्वागत किया। इस दौरान कक्षा पांच के छात्र सिद्धांत त्रिपाठी ने स्मृति ईरानी को उनका छायाचित्र भेंट किया।
गंगा में डूबने से परिवार के तीन लोगों की मौत
इसके बाद वह जगदीशपुर क्षेत्र के पालपुर गांव पहुंची। यहां उन्होंने चंद्र कुमार कौशल के परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ हैं। साथ ही आपदा राहत के तहत परिजनों को जल्द ही चार-चार लाख रुपये की सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। बताते चलें एक दिन पहले रविवार को पालपुर गांव निवासी चंद्र कुमार कौशल (60), भाई बाल चंद्र कौशल (42) और भतीजे अर्यांश (13) की गंगा में डूबने से मौत हो गई थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री गौरीगंज स्थित रणंजय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती गोष्ठी में शामिल होंगी। वहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगी। आयोजन को लेकर प्रशासन और कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह हाउस अरेस्ट
- फोटो : वीडियो ग्रैब
दूसरी तरफ पूर्व कैबिनेट मंत्री के दौरे को देखते हुए सुबह यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह को पुलिस ने उनको हाउस अरेस्ट में रखा। शुभम ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। कहा कि जगदीशपुर क्षेत्र के नदी में डूबने से परिवार के तीन लोगों की मौत पर वह कौशल परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया।
उन्होंने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि मोदी-योगी सरकार शासन के बल पर गुंडागर्दी कर रही है। अमेठी की जनता सब देख रही है। आगामी चुनाव में इसका जवाब वोट के जरिये देगी। उन्होंने इस प्रशासनिक कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।