जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात बदमाशों ने धर्मकांटा के केबिन में सो रहे जेसीबी चालक पर हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में घायल चालक की पुकार पर बाहर मौजूद दूसरे श्रमिक ने मामले की सूचना धर्मकांटा मालिक के साथ पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे ट्राॅमा सेंटर रेफर लखनऊ कर दिया गया। ट्राॅमा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पीपरपुर थाने के गहरी गांव का विमलेश तिवारी उर्फ बलई (25) जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सिधियावां गांव निवासी समीउल्ला के कोयला गोदाम में जेसीबी चालक के पद पर काम करता था। बृहस्पतिवार की रात वह गोदाम के बगल लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थित धर्मकांटा के केबिन में सो रहा था। देर रात करीब 12 बजे बदमाशों ने उस पर हथौड़े से हमला कर दिया। इससे विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसके बाद बदमाशों ने आलमारी का लाॅकर तोड़ दिया। लॉकर खंगालने के बाद बदमाश फरार हो गए। घायल विमलेश ने किसी तरह बाहर सो रहे रनकापुर गांव निवासी श्रमिक हरीराम को आवाज लगाई। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे हरीराम ने विमलेश को घायल देख मामले की सूचना मालिक समीउल्ला के साथ पुलिस को दी।
विमलेश की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद एसपी अनूप सिंह, एएसपी हरेंद्र प्रताप व सीओ अतुल सिंह फोर्स सहित मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। धर्मकांटा मालिक समीउल्ला के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग
जगदीशपुर एसएचओ धीरेंद्र यादव ने बताया कि धर्मकांटा पर सो रहे जेसीबी चालक विमलेश तिवारी की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। सीसीटीवी फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं। प्रथमदृष्टया चोरी की नीयत से वारदात को अंजाम देना प्रतीत नहीं हो रहा है। जांच के बाद स्थिति साफ होगी। मौत की सूचना के बाद धारा में बढ़ोतरी की कार्रवाई की जा रही है। एसपी अनूप सिंह ने बताया कि धर्मकांटा केबिन में सो रहे चालक विमलेश तिवारी की मौत मामले में अहम सुराग मिले हैं। सीओ व थाना प्रभारी के साथ सर्विलांस व स्वाट टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाना क्षेत्र के गहरी मजरे मई गांव निवासी भोलानाथ तिवारी के चार बच्चों में सबसे बड़ी बेटी प्रतिमा तिवारी (27), तीन बेटों में सबसे बड़ा अखिलेश तिवारी (25) दूसरा विमलेश तिवारी (23), सबसे छोटा शैलेश तिवारी (20) हैं। विमलेश जगदीशपुर स्थित कोयले की गोदाम पर काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। अखिलेश और शैलेश हाल ही में रोजी-रोटी के सिलसिले में अहमदाबाद गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार विमलेश बहुत मिलनसार था। खेती-बाड़ी से लेकर परिवार का खर्च उसके कंधे पर था। बेटे विमलेश के मौत से मां केश कुमारी सदमे में हैं। बहन प्रतिमा, परिजनों व रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। हर कोई गमजदा हैं। भोलानाथ महाराष्ट्र के नागपुर स्थित प्राइवेट कंपनी में कार्य करते हैं। परिवार में बहन प्रतिमा और मां केश कुमारी रहती हैं। तीनों बेटे अविवाहित हैं। विमलेश की बहन प्रतिमा की शादी 22 नवंबर को तय है। बहन की शादी तय होने के बाद विमलेश खुश था। शादी के पहले ही विमलेश की हत्या हो जाने से बहन के ब्याहने की उसकी हसरत अधूरी रह गई।
चचेरे भाई का आरोप लगाते वीडियो वायरल
भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाने के गहरी मजरे मई गांव निवासी विमलेश के चचेरे भाई राम मिलन तिवारी का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें राममिलन विमलेश के मालिक पर ही हत्या करवाने का आरोप लगा रहा है। आरोप है कि विमलेश ने मालिक से बहन की शादी के लिए दो लाख रुपये मांगे थे। मालिक पर घटना से जुड़े कई साक्ष्य मिटाने का भी आरोप लगा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता है। एसएचओ राकेश सिंह ने बताया कि मृतक के पिता व भाई अभी पहुंचे नहीं हैं। वह जो भी तथ्य बताएंगे, उनकी भी जांच की जाएगी। वीडियो में लगाए गए आरोपों की जांच हो रही है।