गौरीगंज (अमेठी)। संग्रामपुर थानाक्षेत्र के धौरहरा गांव में मृतक भाजपा बूथ अध्यक्ष दिनेश सिंह की पीट-पीट कर हत्या के मामले में आरोपी पुलिस की पकड़ से अब तक दूर है। हत्या के बाद से सिर्फ संदिग्धों से पूछताछ तक पुलिस की जांच सिमटी नजर आ रही है। पुलिस हत्या कारणों का भी पता लगाने में अब तक नाकाम है। पुलिस टीम ने भी सिर्फ छापामारा, नतीजा अब तक शून्य है।
संग्रामपुर थानाक्षेत्र के धौरहरा निवासी भाजपा बूथ दिनेश सिंह (40) की मंगलवार को भिटहरी के पास दो बाइक सवार बदमाशों को लाठी-डंडों से पीटा था। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दिनेश की मौत हो गई। पुत्री शालिनी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी संजय उर्फ मुन्ना सिंह, दीपक सिंह, पंचम सिंह व जनपद प्रतापगढ़ के थाना अंतू के जमादार का पुरवा मजरे उमरी निवासी रवि शंकर पांडेय के विरुद्ध केस दर्ज किया।
मृतक की बहन आशा ने पूर्व में मृतक सहदेव सिंह की हत्या आरोपियों की ओर मुकदमा उठाने एवं गवाही न देने पर दिनेश को धमकी देने व सुरक्षा की मांग करने की जानकारी देने के बावजूद पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। तीन दिन तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस मामले के खुलासे में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। पुलिस की जांच सिर्फ छह दिनों में संदिग्धों से पूछताछ तक सिमटी है। गठित टीम भी सिर्फ दबिश देने की बात कह रही है लेकिन अब तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। हकीकत कुछ भी हो लेकिन, छह दिन बाद भी पुलिस के किसी नतीजे पर नहीं पहुंचने व नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गमगीन परिजनों में दोबारा आक्रोश बढ़ रहा है।
एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। टीम लगातार संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है। जल्द ही पूरे प्रकरण का अनावरण किया जाएगा।