28 : जायस : कस्बे में संचालित प्रतिष्ठान की जांच करते एसआईटी टीम के सदस्य। -संवाद
- फोटो : AMETHI
जायस (अमेठी)। स्थानीय कस्बे के दो व्यापारियों की दुकानों पर सोमवार सुबह एसआईटी टीम ने छापा मारा। छह घंटे तक चली जांच-पड़ताल के बाद टीम के सदस्य अपने साथ कई जरूरी अभिलेख ले गए। इस दौरान पूरे कस्बे में हलचल रही। व्यापारियों का कहना है कि टीम ने उन पर छह लाख जीएसटी चोरी करने की बात कहते हुए दो लाख रुपये ऑनलाइन जमा कराया है।
टांडा-बांदा राजमार्ग पर स्थित जायस कस्बे में सोमवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ एसआईटी टीम अलीजा स्टील हार्डवेयर पर पहुंच गई। टीम प्रभारी राज्यकर विभाग अयोध्या के डिप्टी कमिश्नर अंकित सिंह के नेतृत्व में अयोध्या के राज्यकर अधिकारी राम मिलन, अमेठी के राज्यकर अधिकारी अनुराग चौधरी व रोहित ने अभिलेखों की जांच शुरू कर दी। इसके सामने ही अहद आयरन की भी दुकान में जांच पड़ताल की गई।
टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों पर करीब छह घंटे तक जांच पड़ताल की। इसके बाद कई अभिलेख अपने साथ ले गए। दोनों व्यापारी थोक व फुटकर बिक्री करते हैं। टीम सदस्यों ने छह घंटे तक इनके स्टॉक व बिक्री रजिस्टर की गहनता से जांच करते हुए उसके सापेक्ष जमा की गई जीएसटी का मिलान किया। अलीजा आयरन हार्डवेयर पर जांच के दौरान प्रथम दृष्टया छह लाख जीएसटी की चोरी पकड़ी गई। संचालक से मौके पर ही दो लाख रुपये ऑनलाइन जमा कराए गए।
शासन स्तर पर हुई थी शिकायत
टीम प्रभारी डिप्टी कमिश्नर अंकित सिंह ने बताया कि दोनों व्यापारियों पर शासन स्तर पर जीएसटी चोरी की शिकायत हुई थी। शासन के निर्देश पर कमिश्नर राज्यकर अयोध्या मंडल अयोध्या शशि वर्मा ने एसआईटी टीम का गठन किया था। कहा कि प्रथम दृष्टया अलीजा स्टील हार्डवेयर पर छह लाख रुपये जीएसटी चोरी का मामला पकड़ में आया है। मौके पर ही संचालक द्वारा दो लाख रुपये जमा कराए गए। अभिलेखों का गहनता से परीक्षण कर रिपोर्ट आयुक्त को सौंपी जाएगी।
परेशान करने के लिए हो रही कार्रवाई
अलीजा स्टील हार्डवेयर के संचालक रिदा रहमान ने कहा कि उन्होंने कोई चोरी नहीं की है। उनके रिश्तेदार पिछला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस पार्टी से लड़ा था। इस बार भी वे प्रबल दावेदार की दौड़ में शामिल हैं। राजनैतिक विद्वेष के चलते परेशान करने के लिए यह कार्रवाई कराई जा रही है।