मतदान कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण करते डॉक्टर
अमेठी सिटी। लोकसभा चुनाव ड्यूटी कटवाने के लिए कुछ कर्मचारी मेडिकल ग्राउंड का हवाला दे रहे हैं तो कई कर्मी बहाने बनाकर भी ड्यूटी से बचने की कोशिश में लगे हैं। जिला अस्पताल में शनिवार को लगे मेडिकल कैंप में हर कोई अपनी बीमारी बताते हुए चुनाव ड्यूटी के लिए अनफिट करने की मनुहार करता रहा। सात कर्मचारियों को ड्यूटी के लिए फिर घोषित किया तो आठ लोग अनफिट कर दिए गए।
समय 12 बजे जिला अस्पताल कक्ष संख्या आठ में मतदान कर्मी स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के लिए एकत्र हुए। कक्ष के अंदर डॉ. अभय गोयल, डॉ. अमित यादव, डॉ. हनुमान प्रसाद, डॉ. काजल साहू बारी-बारी से कार्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे थे। इसी बीच एक कर्मी ने पहुंच कहा कि साहब छह माह पहले पथरी का ऑपरेशन हुआ है। ऐसे में चुनाव ड्यूटी में परेशानी होगी। जांच में डॉक्टरों ने ड्यूटी के लिए फिट घोषित किया। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि टीम ने परीक्षण करने के बाद स्वास्थ्य ग्रांउड पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी है।