जगदीशपुर के इंडोरामा प्रशिक्षण केंद्र परिसर में वॉलीबॉल खेलते खिलाड़ी।-संवाद
जगदीशपुर। इंडोरामा सीएसआर विभाग के संयोजन में व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित ग्राम स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता बृहस्पतिवार देर शाम संपन्न हुई। इसमें तिलोई, हारीमऊ, सिठौली, अचलपुर, फतेहपुर, बंभरिया, बरसंडा, महोना, कल्याणपुर, सलावतगढ़, शुकुलबाजार, इन्हौंना सहित 16 ग्राम पंचायतों की टीमें शामिल हुईं। रानीगंज को हराकर सिंदुरवा ने चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
फाइनल मुकाबले में पहले सेट में रानीगंज की टीम ने 15-7 के अंतर से बढ़त बनाई। दूसरे सेट में सिंदुरवा वापसी करते हुए 15-11 के अंतर से आगे रही। निर्णायक तीसरे सेट में सिंदुरवा ने 16-14 के अंतर से जीत हासिल की। कुल अंकों के आधार पर सिंदुरवा टीम शीर्ष पर रही और चैंपियन बनी, वहीं रानीगंज उपविजेता रही।
सिंदुरवा टीम के कप्तान फैसल और रानीगंज टीम के कप्तान विजयवीर रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडोरामा जगदीशपुर इकाई के एचआर हेड मनोज कुमार झा, सीएसआर प्रमुख अभिनव सिन्हा और देव नारायण ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।