अमेठी के धमरावां गांव में राकेश यादव से जानकारी लेते सपा कार्यकर्ता। स्त्रोत : पार्टी
अमेठी सिटी। विधानसभा क्षेत्र अमेठी के जंगलरामनगर के धमरावां गांव में बीएलओ का एसआईआर फॉर्म भरवाने के नाम पर एक परिवार से पांच सौ रुपये वसूलने का मामला प्रकाश में आया है। साथ ही कई परिवारों को एसआईआर फॉर्म नहीं मिला है। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
धमरावां गांव निवासी राकेश यादव ने बताया कि उनकी पत्नी सरोज और परिवार के मोहित का एसआईआर फॉर्म भरा जाना था। वह सात दिनों से उनके बूथ पर तैनात बीएलओ सुरेश पांडेय के चक्कर लगा रहे थे। लगातार बीएलओ उन्हें फॉर्म नहीं मिलने व आने की बात कह रह थे। अंतिम दिन जब वह बीएलओ के घर गए तो बीएलओ ने पांच सौ रुपये देने पर ही फॉर्म भरवाने की बात कही।
उन्होंने नाम कटने के डर से बीएलओ को 100-100 रुपये के पांच नोट दिए। उसके बाद बीएलओ ने फॉर्म निकालकर भरवाते हुए ऑनलाइन करने का आश्वासन दिया है। वहीं गांव निवासी संदीप कुमार, दान बहादुर और रामसागर यादव आदि ने बताया कि उनके परिवार के लोगों को फॉर्म नहीं मिले हैं। बीएलओ न ही फॉर्म दे रहे हैं और न ही कैसे उनका नाम सूची में शामिल होगा इसकी भी कुछ जानकारी नहीं दे रहे हैं। कहा कि अगर मतदाता सूची में उनका नाम नहीं जुड़ा तो वोट देने से परिवार वंचित हो जाएगा।
इस संबंध में संबंधित एसडीएम आशीष सिंह को कई बार फोन करने के साथ मेसेज भी किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा और न ही कोई उत्तर मिला।
सपा नेता ने जताई आपत्ति
वीडियो वायरल होने के बाद सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव टीम के साथ गांव पहुंच गए। यहां पर पीड़ित राकेश यादव से मिलकर फॉर्म भरने के नाम पर रुपये वसूलने पर बीएलओ पर भ्रष्टाचार पर आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई। कहा कि गांव में मतदाताओं को फॉर्म नहीं वितरित होना पूरी तरह गलत है। जिले के उच्चाधिाकारियों से इस मामले की जांच कराने और बीएलओ पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।