फुरसतगंज (अमेठी)। कस्बा निवासी रामकिशोर (40) की बुधवार रात स्टेशन मार्ग पर नहर के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि बाइक सवार आमिर (19) घायल हो गया। इसके बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
तारादेवी के मुताबिक उनके पति रामकिशोर भदैया महमूदपुर चौराहे पर ठेला लगाकर परिवार को भरण पोषण करते थे। बुधवार रात ठेला लेकर पति घर लौट रहे थे। रास्ते में रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित नहर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में वह ठेले सहित आ गए। इसी दौरान बाइक से गुजर रहा आमिर भी वाहन भी चपेट में आने से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी फुरसतगंज ले जाया गया, जहां से रामकिशोर को हालत गंभीर होने पर एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें अस्पताल ले ही जा ही रहे थे, तभी रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। रामकिशोर अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
उनके निधन से पत्नी तारा देवी, बेटे सचिन, बेटियां संजना, सुनैना और छोटा बेटा सुधीर गहरे सदमे में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इंस्पेक्टर श्रीराम पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।