अमेठी सिटी। राजकीय हाईस्कूल कंजास में मंगलवार को स्कूल–क्रीड़ा गतिविधि योजना के तहत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। मैदान में छात्र–छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया। डिस्कस थ्रो में शिवम और दौड़ में गुंजन को पहला स्थान मिला। दौड़ प्रतियोगिता में शायरा ने दूसरा और शिवानी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
गोला फेंक में प्रिंश ने बाजी मारी, जबकि शिवम दूसरे और शिवानी तीसरे स्थान पर रहीं। डिस्कस थ्रो में रेशमा को दूसरा और उमा को तीसरा स्थान मिला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा और खेल भावना स्पष्ट झलक रही थी। मैदान में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
विजेताओं के चेहरों पर उपलब्धि की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुशीला देवी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं। शिक्षिका पूजा मौर्य, हेमंत सिंह और राजीव ने भी खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की। (संवाद)