अमेठी सिटी। सावन के तीसरे सोमवार को जिले के शिवालय हर हर महादेव के जयकारों से गूंजेंगे। भोर से ही श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचेंगे। प्रमुख मंदिरों में रविवार को तैयारियां पूरी कर ली गईं।
ताला स्थित मुकुटनाथ धाम में कांवड़ियों की भीड़ रहने की संभावना है। जागेश्वर धाम, कालिकन धाम, देवीपाटन धाम, दुखहरण धाम, महादेवन, टीकरमाफी के नर्मदेश्वर शिव मंदिर, गौरीगंज के महामृत्युंजय धाम, दंडेश्वर धाम और दत्तेश्वर धाम में भी श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। राजाफत्तेपुर के बाबा घुइसरनाथ महादेव, फुल्लेश्वर महादेव, पूरे सर्वजीत के शिवेश्वर महादेव और सेमरौता के बाबा उजियारनाथ महादेव मंदिर में भी सुबह से भक्त पहुंचेंगे। श्रद्धालु जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फूल अर्पित करेंगे।
गंगा से जल लेकर पहुंचेंगे कांवड़िये
सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़िये गंगा के विभिन्न घाटों से जल लेकर ताला स्थित मुकुटनाथ धाम और फुरसतगंज के पीढ़ी धाम पहुंचेंगे। जलाभिषेक कर श्रद्धालु मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करेंगे। अन्य शिवालयों में भी कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा।
108 शिवलिंगों के दर्शन भी होंगे
गौरीगंज के रोहसीं बुजुर्ग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में 108 शिवलिंग, द्वादश ज्योतिर्लिंग, पंचमुखी शिवलिंग और शिव परिवार के दर्शन एक ही परिसर में होते हैं। मुख्य मंदिर का निर्माण अभी नहीं हुआ है। वटवृक्ष के नीचे स्थापित द्वादश ज्योतिर्लिंग और पंचमुखी शिवलिंग पर श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं। पुजारी रुद्रकांत मिश्र ने बताया कि सावन में यहां रोजाना रुद्राभिषेक कराया जा रहा है।