तिलोई। सुभाष पशुपतिनाथ विद्यापीठ इंटर काॅलेज तिलोई में दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को समाप्त हुई। 10 न्याय पंचायतों के बच्चों ने अलग-अलग खेलों में अपनी क्षमता दर्शाई। स्पर्धाओं के दौरान मैदान पर अनुशासन, तालमेल और खेल भावना बनी रही।
दूसरे दिन की स्पर्धाओं में प्राथमिक बालक खो-खो में ढोढ़नपुर विजेता रहा। प्राथमिक बालिका कबड्डी में तिलोई ने बढ़त बनाई। जूनियर बालक कबड्डी का खिताब सेमरौता के नाम रहा। जूनियर बालक व बालिका खो-खो में लोधवरिया की टीम प्रथम स्थान पर रही। रिले बालक में सेमरौता और बालिका वर्ग में लोधवरिया की टीम शीर्ष स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बालक वर्ग में शाहिद भेलाई और बालिका वर्ग में हिमांशी बसावन दास विजेता रहीं।
बीईओ रामकिशुन, व्यायाम शिक्षक ओंकार नाथ सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला महामंत्री रमाकांत मौर्य ने समापन सत्र में विजेताओं को खेल उपलब्धि प्रमाणपत्र व ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर बृजराज शुक्ला, आलोक सिंह, अवधेश सिंह, शालिनी सिंह, स्वाति सिंह, शिवानी गौतम, ज्योति पटेल, शशि सिंह आदि मौजूद रहे।