शाहगढ़। शहबाजपुर गांव से बंजारा संपर्क मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों की परेशानी जल्द दूर होगी। मार्ग के पक्के निर्माण को शासन से मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। 1.98 करोड़ रुपये से बनने वाली करीब 1.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण दो माह में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद करीब 50 हजार लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
यह मार्ग बुधई का पुरवा, गढ़ामाफी, गोसाई का पुरवा, बंजारा और दुर्गा का पुरवा सहित कई गांवों को जोड़ता है। इसी रास्ते से लोग दरपीपुर साप्ताहिक बाजार, सहकारी गोदाम और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचते हैं। मंगलवार और शनिवार को गढ़ामाफी धाम तथा हनुमानगढ़ी मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। बरसात में स्थिति और खराब हो जाती है। ग्रामीण रानू मौर्य ने बताया कि खराब सड़क के कारण बाइक और साइकिल चलाना जोखिम भरा हो गया था। विकास यादव ने कहा कि पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों को बाजार, बैंक, अस्पताल और बांदा-टांडा मार्ग तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि शहबाजपुर-बंजारा संपर्क मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाएगा।