अमेठी सिटी। पनियार पावर हाउस के 11 केवीए ट्रांसफार्मर में खराबी आने से उलरा, सरुवांवा और अमयेमाफी फीडर की बिजली आपूर्ति सोमवार दोपहर से ठप रही। मंगलवार शाम को आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान 60 से अधिक गांवों के करीब दो लाख उपभोक्ता परेशान रहे।
बिजली न मिलने से इन्वर्टर जवाब दे गए हैं और सबमर्सिबल बंद होने से पेयजल संकट गहरा गया है। मोबाइल फोन चार्ज न होने से लोगों का संपर्क भी प्रभावित हुआ। भीषण गर्मी और उमस के बीच बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ी।
परधनपुर, चंदौली, कनकसिंहपुर, उलरा, हरिहरपुर, सोरांव और जगदीशपुर समेत कई गांव प्रभावित रहे। परधनपुर निवासी समर बहादुर सिंह ने बताया कि दो दिन से बिजली न होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। अवर अभियंता अशोक कुमार पाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई है। अधिशाषी अभियंता अभिषेक कुमार के अनुसार फाल्ट दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।