अमेठी। मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सोमवार को जिले में डेंगू के सात संदिग्ध मरीज मिले हैं, जबकि बुखार से पीड़ित 417 मरीजों का इलाज किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को सेहत के प्रति विशेष सजगता बरतने को कहा है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में आए 1139 मरीजों में से 417 सिर्फ बुखार से पीड़ित मिले। ओपीडी में सर्दी के 57, खांसी के 61, जुकाम के 55, लूजमोशन के 39, पेट में दर्द के 49 व शरीर में पानी की कमी के सात मरीजों का उपचार किया गया। वहीं, जिले में डेंगू के सात संदिग्ध मरीज सामने आए हैं।
जिनके ब्लड का सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए भेजा गया है। जिला मलेरिया अधिकारी शेषधर द्विवेदी ने कहा कि डेंगू के संदिग्ध मरीजों का उपचार किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मरीजों को कोई परेशानी न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है।