अमेठी। इन्हौंना के पूरे पठान मजरे भीखीपुर गांव निवासी युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। इंस्टाग्राम पर दिखे निवेश के विज्ञापन के झांसे में आकर युवक ने अपनी मां के बैंक खाते से करीब सात लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपी ने मोबाइल नंबर बंद कर संपर्क तोड़ लिया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पूरे पठान मजरे भीखीपुर निवासी रफातुल निशा पत्नी मोहम्मद नियाज का बैंक ऑफ बड़ौदा की रस्तामऊ शाखा में खाता है। इस खाते से मोबाइल एप फोनपे जुड़ा है। 10 अक्तूबर 2025 को उनके बेटे इमरान के मोबाइल पर इंस्टाग्राम पर निवेश से जुड़ा विज्ञापन दिखा। इसके बाद इमरान ने दिए गए नंबर पर व्हाट्सएप कॉल कर संपर्क किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने अपना नाम रघुवीर बताया। बातचीत के दौरान उसने निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।
लालच में आकर इमरान ने उसकी बात पर विश्वास कर लिया। आरोपी ने फोनपे के माध्यम से पैसा भेजने को कहा। इसके बाद इमरान ने मां के खाते से कई किस्तों में रकम ट्रांसफर कर दी। कुछ समय में कुल रकम लगभग सात लाख रुपये पहुंच गई। रकम भेजने के बाद इमरान ने आरोपी से पैसा वापस करने या वादे के अनुसार दोगुनी रकम देने की बात कही। इस पर आरोपी बहाने बनाने लगा।
कुछ समय बाद उसने मोबाइल नंबर ही ब्लॉक कर दिया। इसके बाद संपर्क नहीं हो सका। तब परिवार को ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। एसओ विवेक सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले निवेश के प्रस्तावों पर बिना जांच भरोसा न करें।