अमेठी सिटी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुल्तानपुर नवनीत सिंह की अदालत में अमेठी कोतवाल रवि सिंह सहित पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की अर्जी दी गई। मामले में बुधवार को सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अदालत ने अगली सुनवाई 23 मार्च को तय की है।
अमेठी कोतवाली के पूरे मुराल का पुरवा मजरे शहरी गांव निवासी जय बहादुर यादव ने अदालत में अर्जी दी है। जय बहादुर के अनुसार उनके पिता उदयराज यादव के नाम दर्ज जमीन पर पड़ोस के शिवधारी यादव और दक्ष कुमार यादव कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। आठ फरवरी को दोनों आरोपी जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। विरोध करने पर वादी पक्ष के लोगों को पीटा गया।
मौके पर पहुंचे एसआई शस्त्राजीत प्रसाद और सिपाही मनीष सिंह ने कोतवाल रवि सिंह के निर्देश पर दबाव बनाया और धमकी दी। वादी का कहना है कि विपक्षी के प्रभाव में पुलिस ने उनके पक्ष के लोगों का ही चालान कर दिया। इस मामले में उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद वादी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अर्जी का संज्ञान लेते हुए अदालत ने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।