गौरीगंज स्थित इफको केंद्र पर खाद लेने के लिए मौजूद किसान। -संवाद
अमेठी सिटी। खरीफ सीजन के बीच मंगलवार को जिले की साधन सहकारी समितियों और अन्य खाद केंद्रों पर ई-पॉस मशीनों का सर्वर ठप होने से डीएपी वितरण प्रभावित रहा। सुबह से खाद लेने पहुंचे किसान घंटों कतार में खड़े रहे, लेकिन बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं होने से अधिकांश केंद्रों पर खाद नहीं मिल सकी। शुरुआती दो घंटे सर्वर धीमी गति से चला, जिससे केवल दो-चार किसानों को ही डीएपी मिल सकी। इसके बाद पूरे दिन वितरण ठप रहा।
सुबह विभिन्न केंद्रों पर किसानों की भीड़ जुट गई थी। सर्वर ठीक होने की उम्मीद में किसान दोपहर तक इंतजार करते रहे, लेकिन मशीनों में अंगूठे का सत्यापन नहीं हो सका। कई किसान बिना खाद लिए लौट गए, जबकि कुछ देर तक केंद्रों पर सर्वर चालू होने का इंतजार करते रहे। कोरारी गिरधरशाह के किसान प्रेमचंद्र ने बताया कि सुबह 10 बजे खाद लेने पहुंचे थे, लेकिन दो घंटे बाद भी डीएपी नहीं मिल सकी।
किसान संतोष सिंह और राधेश्याम ने बताया कि लगातार दूसरे दिन भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। माधोपुर समिति के सचिव संजय द्विवेदी सहित अन्य केंद्र प्रभारियों ने बताया कि ई-पॉस मशीन का सर्वर बंद रहने से किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं हो सका, इसलिए वितरण रोकना पड़ा। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अरविंद कुमार यादव ने बताया कि सर्वर में तकनीकी समस्या है।
मिश्रौलीमाफी केंद्र पर भी रुका वितरण
संग्रामपुर। मिश्रौलीमाफी साधन सहकारी समिति पर सुबह आठ बजे से किसान लाइन में लगे रहे, लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक सर्वर चालू नहीं हो सका। केंद्र प्रभारी अंकित विश्वकर्मा ने बताया कि ई-पॉस मशीन में बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं होने से खाद का वितरण रोकना पड़ा। सर्वर ठीक होने पर किसानों को प्राथमिकता के आधार पर डीएपी उपलब्ध कराई जाएगी।