तिलोई में आयोजित खेल प्रतियोगिता में वॉलीबॉल खेलते खिलाड़ी। स्त्रोत : आयोजक
तिलोई। कस्बा स्थित श्री सुभाष पशुपतिनाथ विद्यापीठ इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन विभिन्न वर्गों में हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, कौशल और खेल भावना का परिचय दिया।
सब जूनियर वॉलीबॉल मुकाबले में सेमरौता की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल में शाहमऊ की अष्टभुजा टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। सीनियर वॉलीबॉल वर्ग में बहादुरपुर की टीम विजेता रही, जबकि भीखीपुर उपविजेता बनी। बैडमिंटन सीनियर वर्ग में शिवेंद्र और जितेंद्र कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में ओम और राजवीर विजेता बने।
बालिका वर्ग बैडमिंटन में जानवी सोनकर और भावना सोनकर ने शीर्ष स्थान हासिल किया। मैदानी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। सीनियर बालिका वर्ग गोला फेंक में तिलोई की निशा प्रथम रहीं। बालिका वर्ग कुश्ती में अंजली सरोज विजेता बनीं। पुरुष कुश्ती में 55 किलो भार वर्ग में जिलाजीत और 45 किलो भार वर्ग में मेराज ने पहला स्थान पाया। लंबी कूद में निखिल और लक्ष्मी ने जीत दर्ज की। समापन अवसर पर खंड विकास अधिकारी राजकुमार शर्मा और शिक्षक नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए।