गौरीगंज महिला थाने में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम के दौरान मौजूद
अमेठी। छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से महिला थाना परिसर में दोस्त पुलिस कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवासीय बालिका विद्यालय की 65 छात्राओं ने भाग लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और सुरक्षा से जुड़े अहम पहलुओं की जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा। महिला थाना प्रभारी कंचन सिंह ने कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करती है, लेकिन आमजन के लिए मित्र की तरह काम करती है। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति भी छात्राओं को जागरूक किया। बताया कि ठग फर्जी कॉल, लिंक या मैसेज के जरिए लोगों को निशाना बनाते हैं, इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।
कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षियों ने हेल्प डेस्क की प्रक्रिया समझाई। बताया कि शिकायत मिलने पर पहले दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया जाता है, लेकिन मामला गंभीर होने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की जाती है। छात्राओं को सीसीटीएनएस कक्ष भी दिखाया गया, जहां एफआईआर दर्ज होती है। इस मौके पर प्रधानाचार्य गीता वर्मा, अनूपा जायसवाल और नमिता वैश्य आदि मौजूद रहे।