बेगमपुरा एक्सप्रेस में मौजूद राज्यपाल। स्रोत: सोशल मीडिया
जगदीशपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के बुधवार को बेगमपुरा एक्सप्रेस से वाराणसी से लखनऊ लौटने के दौरान निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। ट्रेन के दो मिनट के निर्धारित ठहराव को देखते हुए रेलवे प्रशासन और पुलिस पूरे समय सतर्क रही।
स्टेशन के बाहर अग्निशमन वाहन तैनात किया गया था। मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर गेट लगाकर यात्रियों की सघन जांच के बाद ही प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया गया। प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर पुलिस व आरपीएफ के जवान तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह, प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव और आरपीएफ उपनिरीक्षक रमेश कुमार ने की।
वाराणसी से जम्मूतवी जाने वाली डाउन बेगमपुरा एक्सप्रेस बुधवार को करीब 40 मिनट की देरी से निहालगढ़ स्टेशन पहुंची। इसी ट्रेन के एक कोच में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल यात्रा कर रही थीं।
रेल यात्रा की सोशल मीडिया पर सराहना : राज्यपाल के हेलीकॉप्टर के बजाय रेल मार्ग से यात्रा करने की पहल को सोशल मीडिया पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। अचलपुर निवासी राजेश सिंह समेत कई लोगों ने इसे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम बताया।