जगदीशपुर (अमेठी)। श्रमजीवी एक्सप्रेस में रविवार की रात बीमारी की दशा में निहालगढ़ स्टेशन पर उतार कर अस्पताल पहुंचाए गए दूसरी यात्री की भी मौत हो हुई। मरने वाले बीमार यात्रियों की संख्या तीन हो गई है। जीआरपी सुल्तानपुर ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया लेकिन रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। बिसरा सुरक्षित किया गया है। मौत की सूचना पर पहुंचे परिजन शव लेकर रवाना हो गए।
लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर रविवार की देरशाम प्लेटफार्म पर एक बुजुर्ग की मौत के साथ श्रमजीवी एक्सप्रेस से बीमारी की हालत में एक अन्य यात्री को भी उतारा गया था। ट्रेन से उतारे गए बिहार प्रांत के शेखपुर जिले के गंगौर कोटवा निवासी सीताराम वर्मा (61) की सीएचसी में मौत हो गई थी तो नालंदा बिहार निवासी अशोक कुमार (52) की हालत नाजुक देख लखनऊ रेफर किया गया था।
आरपीएफ कर्मी बुजुर्ग को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में बाराबंकी के लोनीकटरा थाने के त्रिवेदीगंज सीएचसी के पास मौत हो गई। इसी दिन निहालगढ़ स्टेशन पर बेगमपुरा एक्सप्रेस से पानी लेने उतरे वाराणसी के चौबेपुर निवासी राजेंद्र पटेल (58) की भी प्लेटफार्म पर मौत हो गई थी। एक ही दिन निहालगढ़ स्टेशन पर तीन मौत होने से रेलवे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मौत के बाद सीताराम वर्मा व वाराणसी के चौबेपुर निवासी राजेंद्र पटेल (58) का शव जीआरपी सुल्तानपुर ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया, जबकि अशोक कुमार के शव का पोस्टमॉर्टम बाराबंकी जिले के लोनीकटरा पुलिस करवा रही है। परिजन शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद पैतृक घर लेकर रवाना हो गए। एसओ जीआरपी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। परिजन बीमार से ग्रसित भी बता रहे है। बिसरा सुरक्षित किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।