अमेठी। वाहन चेकिंग के दौरान सोमवार को ओवरलोड मोरंग लदे ट्रक को रोकने पर एआरटीओ से एसयूवी सवार लोगों ने गालीगलौज और हाथापाई कर दी। विवाद बढ़ने पर ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला। बाद में ट्रक का चालान कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एआरटीओ प्रशासन महेंद्र बाबू गुप्ता ने बताया कि प्रवर्तन दल के साथ अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग पर वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान मोरंग लदा ट्रक ओवरलोड पाया गया। ओवरलोडिंग की पुष्टि कराने के लिए सिपाही उमेश चंद्र उपाध्याय को ट्रक पर बैठाकर तौल कराने भेजा गया। बताया कि रास्ते में एसयूवी सवार चार-पांच लोगों ने ट्रक रोक लिया और बिना तौल कराए उसे वापस प्रतापगढ़ की ओर ले जाने लगे।
जानकारी मिलने पर टीम ने वाहन से पीछा किया और अंतू मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के पास ट्रक रोक लिया। एआरटीओ के अनुसार इसी दौरान स्कार्पियो सवार लोगों ने गालीगलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। बाद में टीम ने ट्रक का 85,500 रुपये का चालान कर वाहन को अमेठी कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि हाथापाई की सूचना नहीं मिली है। एआरटीओ की तरफ से तहरीर भी नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।