अमेठी में भूमि विवाद मामले में महंत और थानाध्यक्ष के बीच धक्का-मुक्की का वीडियो सामने आया है। सीओ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। आगे पढ़ें पूरा मामला...
यूपी के अमेठी में भूमि विवाद मामले में महंत और थानाध्यक्ष विवेक वर्मा के बीच धक्कामुक्की का वीडियो सामने आया है। एक अन्य वीडियो में थानाध्यक्ष गाली-गलौज करते दिख रहे हैं। हालांकि, इन वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी/अमर उजाला नहीं करता है। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
मामला बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के जैनबगंज गांव का है। बुधवार को गांव में भूमि विवाद को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान थानाध्यक्ष विवेक वर्मा मौके पर पहुंचे। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस अधिकारी और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो रही है। इसी दौरान बीच-बचाव करने आए महंत संग धक्का-मुक्की और गाली-गलौज जैसी स्थिति दिखी। ग्रामीणों का दावा है कि भूस्वामी से भी अभद्रता की गई।
लोगों का कहना है कि ऐसे दृश्य पुलिस की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। इससे भय और आक्रोश की स्थिति रही। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा का कहना है कि वीडियो से छेड़छाड़ करके उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।