अमेठी सिटी। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पोस्टर भी फाड़े गए।
प्रदर्शन के बाद लौटते समय कांग्रेस कार्यालय मोड़ पर सादी वर्दी में प्रदर्शन के दौरान मौजूद दो आरक्षियों को देख कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए और धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई हुई। हालांकि मौजूद पुलिस फोर्स ने दोनों आरक्षियों को बचाया और अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों के बीचबचाव के बाद मामला शांत हुआ।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत चुनाव प्रक्रिया में त्रुटियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का केंद्र और चुनाव आयोग के खिलाफ व मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय गौरीगंज में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने में विफल रहा है। कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवाल लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से नहीं हटाया जाता है, तब तक विरोध जारी रहेगा।
विरोध मार्च केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कोतवाली, फल मंडी चौराहा और स्टेशन तिराहा होते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ता ने कार्यालय के सामने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। इसी दौरान मोड़ पर दो आरक्षी सादी वर्दी में थे, जिन्हें देख कांग्रेसियों और आरक्षियों के बीच धक्का-मुक्की संग हाथापाई हुई।
मौके पर मौजूद गौरीगंज एसएचओ रवि सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी बीचबचाव में लग गए। किसी तरह दोनों आरक्षियों को बाहर निकाला। प्रदर्शन में पूर्व प्रत्याशी आशीष शुक्ल, पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, धर्मेंद्र शुक्ल, अनिल सिंह, अरविंद चतुर्वेदी, संजय पाठक, ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ल, अशोक सिंह हिटलर, सौरभ मिश्र, शुभम सिंह और लोहा सिंह आदि मौजूद रहे। सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि पुतला फूंकने के दौरान रोकने में धक्का-मुक्की हुई होगी। कहा कि ऐसा कोई मामला नहीं है।