फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: 43 दिन बाद स्कूल खुले, गुरुजनों ने बच्चों का किया स्वागत

विज्ञापन
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद सोमवार को जिले में संचालित 1570 परिषदीय स्कूल में पढ़ाई शुरू हो गई। पहले दिन स्कूल पहुंचे बच्चों का गुरुजनों ने स्वागत किया। मिड-डे-मील में बच्चों को सब्जी-रोटी मिली तो शिक्षकों ने पढ़ाई के साथ उन्हें खेल की जानकारी दी। हालांकि पहले दिन बच्चों की संख्या कम रही।
विज्ञापन

जिले में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को शिक्षित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 1139 प्राथमिक, 234 उच्च प्राथमिक स्कूल, 197 कंपोजिट स्कूल संचालित किए जाते हैं। इन स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक की कक्षाओं में करीब दो लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। शैक्षिक सत्र 2022-23 की वार्षिक परीक्षा के बाद प्रवेश लेकर एक अप्रैल से 19 मई तक शिक्षण कार्य करने के बाद सभी परिषदीय स्कूल 20 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश के तहत बंद हो गए थे। ग्रीष्मकालीन अवकाश पूरा होने के बाद सोमवार को स्कूलों में शिक्षण कार्य शुरू हुआ।
पहले दिन स्कूल खुलने के बाद बच्चे अपने सहपाठियों से मिले तो उनके चेहरे खिल गए। स्कूल के मुख्यद्वार पर शिक्षकों ने बच्चों को तिलक लगाकर स्वागत किया। शिक्षकों ने बच्चों को पढ़ाई के साथ योग कराया। होमवर्क देने के साथ खेलकूद का भी मौका दिया गया।
विज्ञापन

इतना ही नहीं मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों को मेन्यू के अनुसार दोपहर के भोजन में मौसमी सब्जी व रोटी दी गई। पहले दिन स्कूल की व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए कोई भी अफसर नहीं निकला। ऐसे में शिक्षक भी स्कूल की सफाई कराने के साथ व्यवस्था को दुरुस्त कर अभिभावकों से संपर्क कर स्कूल में छात्र संख्या बढ़ाने की जुगत में जुटे रहे। मॉडल स्कूल पचेहरी में प्रधानाध्यापक रमाशंकर यादव ने बच्चों का तिलक लगा स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षण कक्ष तक पहुंचाया।
प्राथमिक स्कूल कटरालालगंज में प्राधानाध्यापिका श्रद्धा तिवारी ने बच्चों को तिलक लगा स्वागत करते हुए आम देकर उन्हें पढ़ाई के लिए स्कूल आने के प्रति प्रोत्साहित किया। इसी तरह तिलोई भलाई कला में बच्चों का स्वागत करने के बाद प्रधानाध्यापक धीरेंद्र कुमार ने शिक्षण कार्य का शुभारंभ किया। अमिया, बलीपुर खुदर्वा, माधवपुर व हरखपुर में शिक्षक बच्चों का स्वागत करने के बाद अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने की अपील करते रहे। शिक्षकों का कहना था कि पहला दिन होने से छात्र संख्या कम रही लेकिन एक-दो दिन में उपस्थित बढ़ाते हुए शैक्षिक पंचांग के अनुसार शिक्षण कार्य पूरा किया जाएगा।
स्वागत कर बच्चों को बांटीं चाॅकलेट
भादर। ब्लॉक क्षेत्र के दुर्गापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय इंचार्ज प्रधानाध्यापक नागेंद्र प्रसाद शुक्ला सुबह सात बजे विद्यालय पहुंच गए। सफाईकर्मी को बुलाकर साफ-सफाई करवाई। पहले दिन पंजीकृत 110 पंजीकृत में 37 बच्चे विद्यालय आए। शिक्षक पूजा कनौजिया, शिक्षामित्र पूजा गुप्ता, कुसुम देवी ने बच्चों को गुब्बारे और चाॅकलेट देकर स्वागत करने के बाद उन्हें पढ़ाया। प्राथमिक विद्यालय रामगंज में सहायक अध्यापक विजय प्रकाश द्विवेदी व शिक्षामित्र सुनीता साहू मौजूद थे। विद्यालय में 55 पंजीकृत बच्चों में सिर्फ छह बच्चे विद्यालय आए थे। शिक्षा मित्र सुनीता साहू बच्चों पढ़ा रही थीं। विद्यालय में गंदगी का अंबार लगा हुआ है । (संवाद)

जलभराव के बीच स्कूल पहुंचे बच्चे
जगदीशपुर (अमेठी) प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर प्रथम एवं खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यालय एक ही कैंपस में संचालित होता है। सत्र के पहले दिन प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर प्रथम में आने वाले बच्चों को मुख्य मार्ग व गेट के सामने हुए जलभराव की परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को दो बजे विद्यालय में छुट्टी होने के बाद बारिश शुरू होते ही स्कूली बच्चों सड़क पर दौड़ कर भीगने से बचते नजर आए। बीईओ सतीश कुमार ने बताया कि आज पहले दिन विद्यालयों के साफ-सफाई के लिए कहा गया था, इसलिए बच्चों की संख्या कम ही थी।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सभी परिषदीय स्कूलों में शिक्षण कार्य शुरू हो गया है। पहले दिन छात्र संख्या कम रही। स्कूल पहुंचने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ खेल व योग के माध्यम से स्कूल आने के प्रति आकर्षित किया जा रहा है। शिक्षकों को पंजीकृत विद्यार्थियों से संपर्क पर स्कूल आने के प्रति प्रेरित करते हुए शैक्षिक पंचांग के अनुसार शिक्षण कार्य करने का निर्देश दिया गया है। - संजय तिवारी, बीएसए अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें