भादर। रामगंज के तिवारीपुर मजरे सोनारी गांव निवासी अरुण तिवारी उर्फ लल्ले (45) की सोमवार को हाईवे पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन सदमे में हैं। पुलिस बाइक सवार की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
विजय तिवारी ने बताया कि उनके छोटे भाई अरुण कुमार रामगंज स्थित एक निजी विद्यालय में वाहन चालक थे। सोमवार को अरुण रामगंज कस्बे में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे किनारे अपना स्कूली वाहन रोककर बच्चों को हाईवे पार कराकर जब वह लौट रहे थे, तभी बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भी गिरकर घायल हुआ लेकिन वह तुरंत वहां से भाग गया।
स्थानीय लोगों ने अरुण को सीएचसी पहुंचाकर परिजनों को सूचना दी। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेजा गया, वहां डॉक्टर ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। सुल्तानपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रामगंज के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की गई। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दो बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
अरुण की मौत की खबर मिलते ही पत्नी कुसुम स्तब्ध रह गईं। बेटे आलोक और अमन शोक में डूबे हैं। अरुण स्कूल का वाहन चलाकर बच्चों की पढ़ाई के साथ परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीण और रिश्तेदार परिजन को ढांढ़स बंधाने में लगे रहे।